गौरीगंज। शासन ने पिछले दिनों बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए सीएमओ के साथ ही जनपद में कार्यरत अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों को मरीजों के इलाज करने का निर्देश दिया था।
महानिदेशक के निर्देश पर सीएमओ ने अधिकारियों के सप्ताह में दो-दो दिन ओपीडी करने का रोस्टर जारी किया है। अब नामित स्वास्थ्य अधिकारी रोस्टर के मुताबिक नामित अस्पताल में दो दिन ओपीडी करेंगे।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए शासन ने अब जनपदों में कार्यरत स्वास्थ्य अधिकारियों को भी मरीजों का इलाज करने का निर्देश दिया है।
पिछले दिनों शासन के निर्णय के बाद महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं ने सीएमओ को आदेश की प्रति भेजते हुए ओपीडी की व्यवस्था संचालित कराने का निर्देश दिया था।
सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने शुक्रवार देर शाम ओपीडी का रोस्टर जारी कर दिया। जारी रोस्टर के अनुसार प्रत्येक सप्ताह के शुक्रवार व शनिवार को सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव, बाल रोग विशेषज्ञ एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद मंगलवार व बुधवार तथा बाल रोग विशेषज्ञ एसीएमओ डॉ. चैतन्य स्वरूप अग्रवाल सोमवार व बृहस्पतिवार को संयुक्त जिला अस्पताल में ओपीडी करेंगे।