अखंडनगर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र अखंडनगर के बारी सहजनपुर गांव स्थित नवयुग पीजी कॉलेज के सामने मंगलवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार युवक व दूसरी बाइक पर सवार तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर ले जाया गया। वहां पहली बाइक पर सवार युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरी बाइक पर सवार घायल तीनों छात्रों को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया।
आजमगढ़ जिले के सराय मीर निवासी आदित्य राय (23) जल जीवन मिशन प्रोजेक्ट में कार्य कर रहा था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह बाइक से राहुल नगर से अखंडनगर की ओर था। रास्ते में बारी सहजनपुर नवयुग महाविद्यालय के सामने विपरीत दिशा से जा रही बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार छात्र आशीष पांडेय, अंकित पांडेय व अमन शर्मा निवासीगण जौनपुर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आदित्य ने हेलमेट पहना था। जबकि दूसरी बाइक पर सवार लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था। तीनों छात्र नवयुग पीजी कॉलेज में परीक्षा देने आ रहे थे। दुर्घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ घटनास्थल पर इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर ले जाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अंबेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक की जेब से बरामद आधार कार्ड की डिटेल से परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।