सुल्तानपुर। शहर के दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे मेनलाइन का केबल बॉक्स फटने से आधे शहर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। चार घंटे बिजली नहीं मिलने से गर्मी में एक लाख की आबादी ने मुसीबत झेली। बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों ने बॉक्स ठीक कराया। तब लोगों ने राहत की सांस ली।
दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित डाकखाना उपकेंद्र का केबल बॉक्स शुक्रवार को सुबह 11 बजे फट गया। इससे पंचरास्ता, लखनऊ नाका, खैराबाद, चौक, ठठेरीबाजार, शाहगंज चौराहा, एमजीएस चौराहा, जीएन रोड, बढ़ैयावीर, पुलिस लाइंस, करौंदिया, विवेकनगर समेत कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे न पानी की सप्लाई हो सकी और गर्मी में भी लोग परेशान रहे। इसके बाद विद्युत निगम के इंजीनियरों की टीम ने केबल बॉक्स की मरम्मत कर तीन बजे बिजली आपूर्ति को चालू कराया।
केबल बॉक्स फटने की वजह तलाश रही टीम
विद्युत निगम की टीम केबल बॉक्स फटने की वजह तलाश रही है। अधिकारियों का कहना है कि अधिक लोड होने से केबल बॉक्स पर कोई असर नहीं पड़ता है। जांच में सामने आया कि तकनीकी खामी की वजह से बॉक्स फटा है।
टीम ने तत्काल ठीक कराया बॉक्स
डाकखाना उपकेंद्र के एसडीओ विश्वजीत कुमार ने बताया कि दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे मेनलाइन का केबल बॉक्स फटने की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से केबल बॉक्स को ठीक कराया। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आपूर्ति चालू कर दी गई।