फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: झमाझम बारिश से लोगों को मिली गर्मी से राहत

Sat, 22 Jun 2024 01:13 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। जिले में शुक्रवार को कई स्थानों पर झमाझम बारिश होने से लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिल गई। बारिश से किसानों को राहत मिली तो दूसरी तरफ बदहाल सड़कों पर पानी भर गया। इससे राहगीरों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, दोपहर बाद धूप निकलने से फिर उमस शुरू हो गई।
विज्ञापन



जिले में सुबह से ही धूप और बदली के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। सुबह करीब 10:45 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और झमाझम बारिश होने लगी। करीब 11:15 बजे तक तेज बारिश हुई। बारिश होने से लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिल गई। इस दौरान शहर व ग्रामीण अंचल की क्षतिग्रस्त सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतें हुईं।


दोपहर 12 बजे के बाद धूप निकलने से उमस शुरू हो गई। दूबेपुर के भाईं बाजार में मुख्य मार्ग पर बारिश होने से जलभराव हो गया। राहगीरों को पानी में घुसकर आना-जाना पड़ा। मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। अगले 24 घंटे हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है।
विज्ञापन




बारिश के बाद शुरू हुई धान की अगेती रोपाई
विंदेश्वरीगंज (सुल्तानपुर)। क्षेत्र में शुक्रवार को बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे। क्षेत्र के देहली बाजार में किसानों ने अगेती धान की रोपाई शुरु कर दी। कुछ दिन पहले गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त था। बारिश से जहां गर्मी से लोगों को निजात मिली, वहीं खेतों में पानी भरने से किसानों के चेहरे खिल उठे। किसानों ने धान की रोपाई शुरू कर दी है। किसान रामफेर सिंह ने बताया कि यह बारिश संजीवनी बूटी से कम नहीं है।





बारिश से लंभुआ के मुख्य मार्ग के किनारे हुआ जलभराव
लंभुआ (सुल्तानपुर)। बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कस्बे से होकर गुजरे हाईवे के किनारे पटरी पर जलभराव हो गया है। आदर्शनगर मोहल्ले में हुए जलभराव से करीब 50 घरों व दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। मोहल्ले में गांव-देहात से आए छोटे दुकानदार भी अपनी दुकान नहीं लगा पाए हैं। आदर्शनगर मोहल्ले के व्यापारी शुभम बरनवाल ने बताया कि जलभराव की वजह से लोग अपनी दुकान व घर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। संतोष पांडेय ने कहा कि गांव-देहात से 50-60 छोटे व्यापारी सब्जी लेकर आते हैं। जलभराव की वजह से वे अपनी दुकान नहीं लगा पाए। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि जलभराव की समस्या संज्ञान में है। संबंधित सफाई नायक को निर्देशित किया गया है। जल्द ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें