कुड़वार। राजापुर चौराहे पर शनिवार की सुबह निर्माणाधीन मकान की बल्ली खोलते समय अचानक छज्जा ढह गया। छज्जे के मलबे में मकान के नीचे चाय की दुकान पर बैठे पांच लोग दब गए।
चीख-पुकार के बाद पहुंचे लोगों ने मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
क्षेत्र के राजापुर चौराहे पर आशिक अली का मकान है। मकान में ही आनंद यादव निवासी विंध्या का पुरवा (कोटा) की चाय की दुकान है। वर्तमान समय में आशिक अली मकान का द्वितीय तल बनवा रहे हैं। शनिवार की सुबह साढे़ आठ बजे द्वितीय तल पर बांस बल्ली खोलते समय छज्जा भर-भरा कर गिर पड़ा।
छज्जे के मलबे में चाय की दुकान पर बैठे आनंद (40), कंपोजिट विद्यालय राजापुर के रसोइया अजीत दूबे (40) निवासी सीताराम का पुरवा, श्रीराम मिश्र (70), अनुभव (12), अजीत (35) निवासीगण राजापुर थाना कुड़वार दब गए।
स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रसोइया अजीत को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर उपजिलाधिकारी रामजी लाल ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। हादसे में जान गंवाने वाले अजीत कुमार दूबे के परिवार में पत्नी रेखा, पुत्री वंदना (18), रुचिका (16), पुत्र अमरजीत (12) हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वंदना की शादी मई महीने में होने वाली थी। अजीत की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।