दूबेपुर (सुल्तानपुर)। बेटी की विदाई कराकर घर लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार मैजिक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चचेरे भाई को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
धम्मौर थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव निवासी ईश्वरी पाल (65) की पुत्री ऊषा पाल की शादी अमेठी जिले के भादर गांव निवासी प्रदीप पाल के साथ हुई है। बृहस्पतिवार की सुबह ईश्वरी पाल अपने भतीजे राम कुमार (21) के साथ बाइक से बेटी को विदा कराने भादर गए थे। दोपहर में ईश्वरी पाल अपनी बेटी को विदा कराकर भतीजे के साथ घर लौट रहे थे।
रास्ते में सोमनाभार के पास तेज रफ्तार मैजिक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ईश्वरी पाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऊषा पाल और चचेरा भाई राम कुमार के साथ ही मैजिक का चालक शिवशंकर वर्मा (30) पुत्र बदलू निवासी ढेहखापुर थाना मोहनगंज जिला अमेठी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राम कुमार को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।