सुल्तानपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में आए एक व्यवसाई की बाराबंकी में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में एक विधायक के पुत्र के बाद उनकी बहू समेत 38 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। व्यवसाई की मौत के बाद जिले में संक्रमित मृतकों की संख्या 20 हो गई है। हालांकि व्यवसाई मधुमेह का भी रोगी था।
जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। कोरोना संक्रमण से ग्रसित चोपड़ा गली निवासी एक व्यवसाई की मंगलवार रात बाराबंकी में इलाज के दौरान मौत हो गई। व्यवसाई की मौत के बाद जिले में संक्रमित मृतकों की संख्या 20 हो गई है। डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार की देर रात रिपोर्ट जारी किया है।
सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि व्यवसाई कई वर्षों से मधुमेह व हृदयरोग से भी पीड़ित था। बुधवार की देर रात आई रिपोर्ट में जिले में 38 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें भदैंया के लोधीपुर निवासी एक बुजुर्ग, शहर के नवीपुर निवासी एक महिला व नवजात बालिका संक्रमित पाए गए हैं। शहर के बांसमंडी का एक युवक, दरियापुर निवासी एक अधेड़, लक्ष्मणपुर निवासी एक छह वर्षीय बच्चा, उसकी मां, लंभुआ के परशुरामपुर का प्रौढ़ पॉजिटिव पाया गया है। प्रौढ़ रेलवे के रिजर्वेशन काउंटर पर कार्यरत है।
सीताकुंड निवासी एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख, रेलवे में लंभुआ स्टेशन पर कार्यरत एक ट्रैकमैन व डाकखाना निवासी एक युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक विधायक की पुत्रवधू भी पति के संपर्क में आने से संक्रमित पाई गई हैं। इसके साथ ही जिले में बुधवार को कराए गए एंटीजन किट टेस्ट में 26 संक्रमित पाए गए हैं।
इसमें सीएचसी कादीपुर में कराए गए टेस्ट में दो, मोतिगरपुर के बढ़ौनाडीह में कराए गए टेस्ट में दो पॉजिटिव शामिल हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 894 हो गई है। रिपोर्ट आने के बाद मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि सेंटर में भर्ती 22 मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
डीएम ने सतर्क रहने की अपील की
कोरोना संक्रमण की बढ़ोतरी को देखते हुए जिलाधिकारी सी. इंदुमती ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। कहा कि सर्दी, खांसी, बुखार, बदन दर्द जैसी शिकायत पर लोग तुरंत जांच करवाएं। जिला मुख्यालय समेत सीएचसी पर भी जांच की सुविधा उपलब्ध है। लोग रोग न छिपाएं।