सुल्तानपुर। 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में जिले को आवंटित 878 सहायक अध्यापकों के पद के लिए तीन दिवसीय काउंसिलिंग के पहले दिन महिला अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन कुल 371 में से 344 महिलाओं ने अपने कागजात की जांच कराई, वहीं 27 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में रिक्त 36,590 पदों के लिए बुधवार से तीन दिवसीय काउंसिलिंग प्रक्रिया आयोजित की गयी। जिले को 878 सहायक अध्यापको के पद आवंटित हैं।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित काउंसिलिंग प्रक्रिया में पहले दिन केवल महिलाओं की काउंसिलिंग हुई। काउंसिलिंग के लिए छह काउंटर बनाए गए थे। इन काउंटरों पर खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ अन्य कर्मियों की तैनाती की गई थी।
पहले दिन 371 लोगों को बुलाया गया था। इसमें से 27 महिलाएं अनुपस्थित रहीं। 344 महिला अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग में प्रतिभाग किया। काउंसिलिंग प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित कराई गई।
डायट में आयोजित काउंसिलिंग प्रक्रिया के दूसरे दिन सिर्फ पुरुष अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराई जाएगी। प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को अपने मूल कागजात के साथ ही आवेदन शुल्क व पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लानी होगी।