जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। गड़ौली छोटी तिवारी का पूरा गांव में शुक्रवार देर रात बरसात के दौरान पड़ोसी की एक दीवार पक्के मकान पर ढह गई। दीवार गिरने से मकान के नीचे सो रही एक बुजुर्ग महिला समेत छह लोग दब गए। चीख-पुकार के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। गंभीर हालत में सभी लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने बुजुर्ग महिला को मृत घोषित कर दिया।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के गड़ौली छोटी तिवारी का पूरा गांव निवासी राम सुमिरन पाल शुक्रवार रात सपरिवार घर में सो रहे थे। रात में हो रही बरसात के दौरान पड़ोसी की कच्ची दीवार राम सुमिरन पाल के मकान पर ढह गई। दीवार गिरने से राम सुमिरन पाल के मकान की एक दीवार परिवारीजनों पर गिर पड़ी। दीवार के मलबे में राम सुमिरन पाल (55),मनराजी (50), कुलदीप (22), शिवांगी (17), युवराज (15) और प्रभावती (80) दब गईं।
चीख-पुकार के बाद आसपास के लोग भागकर वहां पहुंचे और दीवार के मलबे को हटाकर सभी को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रभावती को मृत घोषित कर दिया। शनिवार को राजस्व टीम गांव पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट एसडीएम राम अवतार को सौंपी। एसडीएम ने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।