सुल्तानपुर। लॉकडाउन के 13 वें दिन भी गांव से लेकर शहर का सन्नाटा पसरा रहा और दुकानें बंद रहीं। डीएम के निर्देश पर सोमवार को अधिकारियों ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में लॉकडाउन के अनुपालन का जायजा लिया। लोगों से घरों में रहने की अपील की।
कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए चल रहे लॉकडाउन के 13वें दिन भी ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्र की सडक़ों पर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानें बंद रहीं। शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में मेडिकल स्टोर समेत अन्य चिह्नित दुकानें ही खुलीं।
कुछ अन्य दुकानें खुली पाए जाने पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें बंद कराया और चेतावनी दी। डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर अधिकारियों ने लॉकडाउन का जायजा लिया। साथ ही लोगों से घरों में रहने की अपील की। चेतावनी दी कि लॉकडाउन का उल्लंघन करते पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
रविवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौलानाओं के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। विकास भवन के एनआईसी कक्ष से डीएम की मौजूदगी में जिले के मौलानाओं ने मुख्यमंत्री को कोरोना की लड़ाई में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।