सुल्तानपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन सोमवार को महिलाओं ने निर्जल व्रत रख शहर के सीताकुंड घाट पर गंगा गोमती में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। घाट पर बनी अलग-अलग वेदी पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से छठ माता की पूजा की और सुख-समृद्धि का वरदान मांगा। मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद चार दिवसीय डाला छठ पर्व का समापन होगा।
36 घंटों तक निर्जल उपवास के संकल्प के साथ संतान की लंबी उम्र की कामना को लेकर शाम को सैकड़ों महिलाएं डूबते सूर्य को अर्घ्य देने सीताकुंड घाट पहुंचीं। परिवारीजन पूजन सामग्री लेकर महिलाओं के साथ रहे। रोशनी से जगमग सीताकुंड घाट देरशाम अनुपम छंटा बिखेर रहा था। परवैतिन महिलाओं ने छठ माता को गन्ना, फल, फूल व मिष्ठान आदि अर्पित कर पुत्रों की लंबी उम्र की कामना की। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने सीताकुंड मंदिर व अस्थायी रैन बसेरे में रात गुजारी। परवैतिन महिलाएं मंगलवार भोर में एक बार फिर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाट पर पहुंचेंगी। अर्घ्य देने के बाद महिलाएं जलग्रहण कर उपवास तोड़ेंगी। स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष राजकुमार सोनी ने बताया कि मंगलवार दोपहर तक सीताकुंड घाट पर पूजन-अर्चन का सिलसिला चलेगा।
सुरक्षा को लेकर घाट पर तैनात रही पुलिस
डाला छठ पर्व पर सोमवार को सीताकुंड घाट पर पुलिस तैनात रही। महिला व पुरुष सिपाही दीवानी चौराहे से घाट तक गश्त करते रहे। दोपहर से लेकर देर शाम तक महिला व पुरुष सिपाही सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहे।
गोमती मित्रों ने निभाई जिम्मेदारी
गोमती मित्र मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सीताकुंड घाट पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। साफ-सफाई व बुजुर्गों को घाट तक पहुंचाने में समिति के पदाधिकारी व सदस्यों ने मदद की। समिति के सदस्य डॉ. कुंवर दिनकर प्रताप सिंह ने बताया कि घाट व परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था में लोग जुटे रहे।
ग्रामीण अंचल में भी रही छठ पूजा की धूम
सूरापुर/दोस्तपुर/भदैंया। विजेथुआ महावीरन धाम स्थित मकरीकुंड सरोवर में सोमवार शाम व्रती महिलाएं गाजे-बाजे के साथ पहुंची। यहां अस्त होते सूर्य की पूजा अर्चना करके अर्घ्य दिया। इस दौरान महिलाओं ने छठ माता से परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। दोस्तपुर नगर पंचायत स्थित मंजूषा नदी के किनारे पक्के सगरा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। भारी भीड़ को देखते हुए एसडीएम कादीपुर उत्तम तिवारी, अंबेडकरनगर एसडीएम प्रतीक्षा सिंह पुलिस बल के साथ डटे रहे। भदैंया के गोमती तट पर बभनगवां घाट पर सुहागिन महिलाएं सज-धज कर पूजन सामग्री के साथ पहुंचीं। समाजसेवी रिंकू तिवारी की अगुवाई में रिंकी, कोमल, जयललिता, नीतू, प्रियंका, सुनीता, विनीता, सरिता, श्यामा आदि महिलाओं ने पुत्र की लंबी उम्र की कामना के साथ छठ पूजा की। इस दौरान पुलिस मुस्तैद रही।