सुल्तानपुर। अपराध से अर्जित संपत्ति से खरीदे गए सात वाहन व दो बैंक खाते को कुर्क करने के खिलाफ गैंगस्टर सहित चार लोगों की आपत्ति को डीएम कुमार हर्ष ने खारिज कर दिया है। डीएम ने आदेश पर रोक लगाने की मांग को भी ठुकरा दिया है। पत्रावली गैंगस्टर कोर्ट में भेजने का आदेश दिया है। डीएम ने आदेश में कहा है कि आरोपियों की ओर से आय-व्यय से संबंधित कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया है।
रामनगर कोट गांव के गैंगस्टर जितेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना, उसकी पत्नी सावित्री सिंह और भाई महेंद्र प्रताप सिंह व राणा प्रताप सिंह की चल संपत्ति कुर्क करने के लिए कोतवाली नगर पुलिस ने रिपोर्ट भेजी थी। पुलिस का आरोप है कि गैंगस्टर जितेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना वर्ष 2002 से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहकर अवैध संपत्तियां अर्जित करता रहा है। उस पर सुल्तानपुर व अमेठी में वर्ष 2018 तक 34 मुकदमे दर्ज हैं।