सुल्तानपुर। योजनाओं व कार्यक्रमों की ऑनलाइन समीक्षा के लिए बनाए गए मुख्यमंत्री डैश पर गलत सूचना अपलोड कराने वाले विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। कई बार निर्देशों के बाद सुधार न आने पर शासन ने नाराजगी जताई है। सीडीओ ने विभागीय अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।
शासन की ओर से ऑनलाइन समीक्षा के लिए तैयार मुख्यमंत्री डैश बोर्ड पर करीब छह माह से समीक्षा शुरू हो गई है। शासन के साथ ही जिला प्रशासन व विकास विभाग की ओर से भी डैश बोर्ड से समीक्षा की जा रही है। इसके बाद भी कुछ विभागों की ओर से डाली जा रही रिपोर्ट में खामियां पाई जा रही हैं।
पिछले सप्ताह शासन ने जिले के आठ विभागों की खामियां पकड़ी थीं। इसे देखते हुए शासन ने अब सख्ती शुरू कर दी है। शासन ने खामियां न सुधारने वाले विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।
इस निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक ने सख्ती शुरू कर दी है। उन्होंने जनवरी में होने वाली समीक्षा के लिए डाली जाने वाली ऑनलाइन रिपोर्ट सही देने का निर्देश दिया है। कहा कि अब खामियां मिलने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से जवाब-तलब किया जाएगा।