सुल्तानपुर। दीवानी न्यायालय में मुकदमाें की सुनवाई के समय में परिवर्तन कर दिया गया है। बुधवार को जिला जज जय प्रकाश पांडेय ने हाईकोर्ट के निर्देश और बार एसोसिएशन के प्रस्ताव का हवाला देते हुए समय में परिवर्तन करने का आदेश जारी कर दिया।
आदेश में उन्होंने कहा है कि बार एसोसिएशन ने मई व जून में सुबह सात से एक बजे तक केस की सुनवाई करने पर कोई आपत्ति नहीं की है बल्कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी को देखते हुए मार्निंग कोर्ट (प्रात:कालीन अदालत) किए जाने का प्रस्ताव भेजा है। अब बृहस्पतिवार से 30 जून तक कोर्ट में सुबह सात से एक बजे तक न्यायिक अधिकारी मुकदमों की सुनवाई करेंगे। कार्यालय का समय सुबह 6:30 बजे से 1:30 बजे तक रहेगा। भोजनावकाश का समय 10:30 बजे से 11 बजे निर्धारित किया गया है। यह आदेश कादीपुर व मुसाफिरखाना में स्थित कोर्ट में भी लागू होगा।