सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने के लिए इस बार सख्त इंतजाम किए गए हैं। बोर्ड के नए निर्देशों के तहत अब परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड की मूल प्रति दिखाना अनिवार्य होगा। बिना आधार कार्ड के प्रवेश मिलने में दिक्कत हो सकती है।
18 फरवरी से शुरू होेने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में इस वर्ष 122 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 76,664 परीक्षार्थी शामिल होंगे। हाईस्कूल में 40,122 और इंटरमीडिएट में 36,572 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। डीआईओएस कार्यालय के परीक्षा प्रभारी जितेंद्र दुबे ने बताया कि फर्जी परीक्षार्थियों पर रोक लगाने के लिए यूपी बोर्ड ने यह फैसला लिया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी।
बताया कि केंद्रों की जियो टैगिंग भी की गई है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। संवेदनशील और अति-संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और सचल दलों की तैनाती होगी।
आंतरिक सचल दल करेंगे निगरानी
एडीआईओएस जटा शंकर ने बताया कि हर परीक्षा केंद्र पर तीन सदस्यीय आंतरिक सचल दल बनाया जाएगा, जिसमें एक महिला शिक्षक का होना अनिवार्य होगा। जिस विषय की परीक्षा होगी, उस विषय का शिक्षक उस दिन दल में शामिल नहीं रहेगा।
प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी
परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर टू-लेयर चेकिंग की जाएगी। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केंद्र के अंदर केवल पर्यवेक्षक, सचल दल सदस्य या राजपत्रित अधिकारी ही प्रवेश कर सकेंगे।
-सूर्य प्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक