सुल्तानपुर। युवती के अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म से जुड़े मामले के तीन आरोपी के खिलाफ एफटीसी प्रथम राकेश यादव की कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। फिलहाल मामले में कोतवाली देहात पुलिस वारंट पर चल रहे किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। फास्ट ट्रैक कोर्ट ने मामले में सुनवाई के लिए नौ जनवरी की तारीख तय किया है।
कोतवाली देहात के एक गांव के रहने वाले वादी मुकदमा ने आठ जनवरी साल 2020 की घटना बताते हुए स्थानीय कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। आरोप के मुताबिक वह अपनी पुत्री को परीक्षा दिलाने के लिए स्थानीय क्षेत्र स्थित एक विद्यालय छोड़कर चले गए। उनकी पुत्री शाम तक घर वापस नहीं लौटी। वादी ने स्थानीय थाने के एक गांव निवासी संतोष सिंह व सौरभ यादव पर बेटी के अपहरण समेत अन्य आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस की जांच के दौरान मिली पीड़िता ने नामजद आरोपियों के अलावा स्थानीय थाने के एक गांव निवासी आरोपी संदीप सिंह व राकेश सिंह की भी अपहरण में संलिप्तता बताई।
पुलिस ने सिर्फ आरोपी सौरभ यादव के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किया था। इस मामले के ट्रायल के दौरान वादी व पीड़िता के आधार पर अदालत ने आरोपी संतोष सिंह को सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में तलब किया। सह आरोपी राकेश सिंह व संदीप सिंह को अपहरण के आरोप में तलब करने का आदेश साल 2023 में जारी किया। आरोपी राकेश सिंह व संदीप सिंह की अग्रिम जमानत भी खारिज हो चुकी है, जबकि आरोपी संतोष सिंह भी गैरहाजिर चल रहा है।