विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे से नामांकन पत्र दाखिल होंगे। हर नामांकन कक्ष में दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कक्ष में प्रत्याशी समेत पांच लोग ही प्रवेश पा सकेंगे। नामांकन स्थल के अंदर भीड़ को रोकने के लिए बैरिकेडिंग करा दी गई है। साथ ही मुख्य मार्ग से लेकर अंदर तक पुलिस तैनात की गई है।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एस. राजलिंगम ने बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे विधानसभा चुनाव के नामांकन की तैयारियों की जानकारी दी। बताया कि आचार संहिता के अनुपालन के लिए सभी नामांकन कक्ष में दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मुख्य मार्ग से लेकर कलेक्ट्रेट के भीतर बैरिकेडिंग कराई गई है।
दो फरवरी से नौ फरवरी तक विधानसभा चुनाव के नामांकन सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ पांच लोग ही प्रवेश पा सकेंगे। प्रत्याशियों के साथ आने वाली भीड़ को बैरिकेडिंग के पास ही रोक दिया जाएगा। डीएम ने बताया कि नामांकन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एसपी पवन कुमार ने बताया कि नामांकन स्थल व परिसर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों व जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। नामांकन को देखते हुए शहर में यातायात के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।