सुल्तानपुर। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कोई सरकारी वाहन नहीं है लेकिन यहां तैनात चालक को सालाना अतिरिक्त मानदेय दिया जा रहा है। ऐसे ही कई गंभीर वित्तीय एवं प्रशासनिक आरोप लगाते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य रती पाल यादव ने प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा से शिकायत की है। इसके बाद एडी बेसिक ने इन आरोपों के संबंध में बीएसए से साक्ष्य समेत रिपोर्ट मांगी है।
पूर्व सदस्य ने बिना विद्यालय भवन के ही रंगाई-पुताई का बजट हड़प कर जाने, विभाग में व्यावसायिक की जगह निजी वाहनों का अटैचमेंट किए जाने और भुगतान संबंधी कई अनियमितताओं को पूरे विवरण के साथ शिकायत के साथ दिया है।
यही वजह है कि शासन ने इसे गंभीरता से लिया है। इसमें कई मामले हाल फिलहाल के हैं तो कई वर्ष 2018 के भी हैं। माना जा रहा है कि बीएसए की जांच रिपोर्ट में कई खामियां सामने आएंगी। एडी बेसिक ने बीएसए को भेजे पत्र में कहा है कि पांच दिन के भीतर साक्ष्यों समेत इन शिकायतों के संबंध में रिपोर्ट भेजी जाए।