सुल्तानपुर। पुराने राशनकार्डों पर जल्द राशन वितरण व्यवस्था रोक दी जाएगी। डिजिटल राशनकार्ड के शत-प्रतिशत वितरण के बाद पुराने राशन कार्ड निष्प्रयोज्य घोषित कर दिए जाएंगे। आपूर्ति विभाग कोटेदारों को डिजिटल कार्ड पर राशन वितरण की इंट्री करने के तरीके बता रहा है।
सत्र 2005 में जारी कागजी राशनकार्ड को खत्म करने की प्रक्रिया आपूर्ति विभाग ने शुरू कर दी है। इनके स्थान पर बैंक पासबुक की तरह डिजिटल राशनकार्ड जारी किया जा रहा है।
डिजिटल कार्ड में मुखिया की फोटो के साथ परिवार के सभी सदस्यों का नाम भी दर्ज होगा। यह राशन वितरण के लिहाज से अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। कार्ड में एपीएल, बीपीएल व अंत्योदय योजनाओं की फीडिंग अपेक्षाकृत आसान है। आपूर्ति विभाग ने डिजिटल राशनकार्ड के सभी ब्लॉकों में शत-प्रतिशत वितरण के बाद पुराने कार्डों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। माना जा रहा है कि सितंबर माह से डिजिटल राशनकार्ड लागू कर दिया जाएगा।
पारदर्शी व सुविधाजनक होगा डिजिटल कार्ड
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मुख्यालय अजय सिंह ने बताया कि डिजिटल राशनकार्ड हर गांव पहुंचाने का अभियान चलाया गया है। बीडीओ, पूर्ति निरीक्षक, लेखपाल व आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की मदद ली जा रही है। डिजिटल कार्ड राशन वितरण के लिए अधिक पारदर्शी व सुविधाजनक होगा।