एटीएम पर धन निकासी की लिमिट बढ़ाने के दूसरे दिन भी एटीएम पर कैश की किल्लत बरकरार रही। सीमित एटीएम पर ही कैश रहा, बाकी के शटर दिन भर गिरे रहे। हालांकि बैंकों में भुगतान को लेकर लोगों की कतार लगी रही।
शहर व ग्रामीण अंचल में स्थित कई एटीएम कैश लिमिट बढ़ाने के दूसरे दिन भी सोमवार को कैशलेस रहे। सिर्फ बैंक शाखाओं पर ही लोगों को कैश मिल सका। एटीएम पर कैश की समस्या बरकरार रही। संचालित एटीएम पर सोमवार को भी सिर्फ दो हजार और चार हजार रुपये की ही निकासी की जा सकी। यहां पर एटीएम कार्डधारक 500-1000 रुपये तक का भुगतान नहीं पा सके।
शहर के कई एटीएम के शटर बंद भी रहे। नगर के गोलाघाट स्थित आईसीआईसीआई बैंक, बस स्टेशन के निकट स्थित बॉब, सेंट्रल बैंक, विजया बैंक, कुड़वार नाका रोड स्थित पीएनबी, एक्सिस बैंक, नार्मल चौराहा स्थित टाटा इंडीकैश, आईडीबीआई, पंचरास्ता स्थित बॉब के एटीएम पर लोगों को कैश नहीं मिल सका। शहर के रोडवेज स्थित एसबीआई, एक्सिस के एटीएम पर कैश लोड किया गया।
इन एटीएम पर सोमवार को भी सिर्फ 2000 रुपये का नोट ही लोड किया गया था। एटीएम कार्डधारक यहां से सिर्फ दो हजार और चार हजार रुपये की ही निकासी कर सके। 100 व 500 रुपये के नोट न लोड होने की वजह से लोग 500 व 1000 रुपये की धन निकासी नहीं कर सके।