सर्व शिक्षा अभियान के तहत नौनिहालों को अच्छी तालीम दिलाने के लिए पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है। इसके बाद भी व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। प्राथमिक स्कूल का भवन नहीं होने से खुले आसमान के नीचे बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। हालत यह है कि अभिभावकों का इस स्कूल से मोह भंग होने लगा है।
प्राथमिक स्कूल बभनपुर वर्ष 2009 से अस्तित्व में है। स्कूल के लिए जमीन उपलब्ध न होने से बच्चों की पढ़ाई खुले आसमान के नीचे हो रही है। वर्तमान में इस स्कूल में दो शिक्षक राधेमोहन यादव व दीपेंद्र कुमार नियुक्त हैं। बीते मंगलवार को कोहरे और ठंड के कारण इस स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने के लिए मात्र तीन बच्चे ही पहुंचे थे। ठंड, गर्मी व बरसात में पेड़ के नीचे बच्चों की पढ़ाई की जाती है। बैठने के लिए टाट-पट्टी का भी इंतजाम नहीं है।
इस हालत में अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से कतराने लगे हैं। प्रधानाध्यापक राधेमोहन यादव ने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए खंड शिक्षाधिकारी व बेसिक शिक्षा अधिकारी को कई बार पत्र लिखने के बाद भी अब तक व्यवस्था नहीं हो सकी। प्रधान बृजेश यादव ने कहा कि स्कूल भवन के लिए जमीन का का प्रस्ताव उप जिलाधिकारी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजा गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि जमीन के विवाद के कारण स्कूल भवन का निर्माण कार्य रुका था। विद्यालय निर्माण के लिए प्रस्ताव मिला है। जल्द ही स्कूल का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।