मोतिगरपुर। जगरानी अस्पताल में मरीज दिवाकर की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। अस्पताल में न निर्धारित पूर्णकालिक चिकित्सक मिले और न पैरामेडिकल स्टाफ। ऑपरेशन के दौरान मौजूद निश्चेतक चिकित्सक अस्पताल के पैनल में शामिल नहीं थे। मरीज की बेड हेड टिकट (बीएचटी) पर किसी के हस्ताक्षर भी नहीं मिले।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार मिश्र के मुताबिक, बृहस्पतिवार को जांच के दौरान अस्पताल संचालक डॉ. एपी प्रजापति मौजूद मिले, लेकिन पूर्णकालिक चिकित्सक डॉ. ऋषिकांत और पैनल में शामिल पैरामेडिकल कर्मचारी नदारद थे। टीम ने बीएचटी, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर और अन्य दस्तावेज कब्जे में लिए।
जांच में पता चला कि 18 नवंबर की रात एक बजे सर्जन डॉ. वीके शर्मा और निश्चेतक डॉ. आई अहमद दिवाकर को ऑपरेशन थिएटर ले गए थे। इंजेक्शन लगाने के बाद उसे झटके आने लगे और हालत बिगड़ गई। अस्पताल संचालक उसे निजी कार से मेडिकल कॉलेज ले गए। उस समय न कोई चिकित्सक साथ था और न ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था थी। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रथम दृष्टया अस्पताल को दोषी माना। एसडीएम के निर्देश पर 19 नवंबर को संयुक्त टीम ने अस्पताल सील कर दिया। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर विवेचना कर रही है।