दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। ठेला लेकर घर जा रहे बच्चे की कुछ अन्य बच्चों ने पिटाई कर दी। दोनों गांवों के प्रधानों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीचबचाव करते हुए समझौता करा दिया। बावजूद इसके बृहस्पतिवार की सुबह चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रहे प्रधान प्रतिनिधि की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी।
देखते ही देखते मामले ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में नौ लोग घायल हो गए। इस दौरान एक पक्ष ने मुर्गी लदी पिकअप में तोड़फोड़ की। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के शैलखा गांव का रहने वाला सूरज चौहान बुधवार की दोपहर ठेला लेकर घर जा रहा था। रास्ते में ताजुद्दीनपुर गांव के तीन बच्चों से उसकी कहासुनी हो गई। ताजुद्दीनपुर गांव के बच्चों ने सूरज की पिटाई कर दी। इसे लेकर शैलखा गांव के लोग आक्रोशित हो गए।
हालांकि मामले को गंभीरता से लेते हुए ताजुद्दीनपुर के प्रधान प्रतिनिधि मनोज कुमार और शैलखा गांव के प्रधान नौशाद ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। बृहस्पतिवार की सुबह प्रधान प्रतिनिधि मनोज कुमार शैलखा तिराहे पर स्थित एक चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रहे थे।
आरोप है कि तभी जावेद समेत करीब 20 लोग लोहे के रॉड व असलहे से लैस होकर चाय की दुकान पर पहुंचे और मनोज पर हमला कर दिया। इसकी सूचना जब ताजुद्दीनपुर गांव पहुंची तो कई ग्रामीण भी लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष से जावेद (32), सबरे आलम (30), नौशाद , आकिब (18), तनजीब (19), अनीस (49), अरमान (22) और दूसरी तरफ से प्रधान प्रतिनिधि मनोज कुमार (35), विपिन (26) घायल हो गए।
इस बीच कुछ लोगों ने मुर्गी लदे पिकअप वाहन में तोड़फोड़ भी की। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सुरेंद्र सिंह और एसओ दोस्तपुर विजय कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जावेद और सबरे आलम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तनाव की सूचना मिलते ही एसपी शिवहरी मीणा, एएसपी शिवराज कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए।
एएसपी शिवराज ने बताया कि बच्चों के बीच मामूली विवाद हुआ था। दोनों गांवों के प्रधान ने सूझबूझ से काम लेते हुए मामले को शांत करा दिया था। बृहस्पतिवार को इसे तूल देने के लिए एक पक्ष ने हमला किया। पुलिस ने प्रधान प्रतिनिधि की तहरीर पर केस दर्ज कर सात लोगों को गिरफ्तार किया है।