- बीच शहर में तिकोनिया पार्क के पास मौनी मंदिर की जमीन का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर। इसौली से दो बार भाजपा प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ चुके ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी के बेटे के खिलाफ प्रशासन ने नजूल भूमि पर कब्जा करने का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि इस जमीन पर पुलिस प्रशासन की रोक के बावजूद वह जबरन निर्माण करवा रहे थे। हालांकि भाजपा नेता का दावा है कि जमीन उनकी संस्था के नाम से दर्ज है।
शहर के मुख्य स्थल तिकोनिया पार्क के पास मौनी बाबा का मंदिर है। प्रशासन का दावा है कि यहां पर नजूल की जमीन है। इसलिए यहां पर किसी तरह का निर्माण कार्य नहीं हो सकता है। इसके चलते ही उक्त जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे के आरोप के बाद एसडीएम सदर के निर्देश पर लेखपाल इंद्रप्रताप सिंह ने भाजपा नेता ओमप्रकाश पांडेय के पुत्र आशीष पांडेय के खिलाफ कोतवाली नगर में केस दर्ज कराया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि तुलसी सत्संग भवन समिति के कोषाध्यक्ष आशीष पांडेय ने नजूल की जमीन पर रोक के बावजूद रात में बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया है।
लेखपाल की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। एसडीएम सदर सीपी पाठक का कहना है कि यह नजूल की जमीन है, जिस पर रोक के बावजूद आशीष पांडेय निर्माण करवा रहे थे। इसलिए लेखपाल ने केस दर्ज कराया है। यहां किसी तरह के निर्माण पर पूरी तरह से रोक है। दूसरी तरफ आरोपी भाजपा नेता ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी ने इसे खारिज करते हुए बताया कि यह जमीन नॉन जेड ए की है और तुलसी सत्संग भवन समिति के नाम से दर्ज है। यहां केवल नक्शा पास न होने के कारण निर्माण रोका गया है। लेखपाल ने दुर्भावनावश यह केस दर्ज कराया है।