भदैंया के लोहरामऊ देवी भवानी का सजा दरबार। स्रोत-मंदिर समिति
भदैंया। चैत्र नवरात्र से पहले प्राचीन लोहरामऊ दुर्गा देवी धाम में साफ-सफाई और साज-सज्जा का कार्य तेज हो गया है। बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे नवरात्र के लिए मंदिर परिसर में पूजा सामग्री की दुकानें सजने लगी हैं।
मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर गर्भगृह तक सात तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। साथ ही रंग-रोगन और झालर-झूमर से पूरे परिसर को सजाने का काम जारी है। मंदिर तक जाने वाले मार्ग की भी साफ-सफाई कराई जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नवरात्र के प्रथम दिन सुबह आरती और पूजा के बाद मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। दर्शन-पूजन के लिए लाइन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
मंदिर के पुजारी पं. राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने बताया कि नवरात्र के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आरती व पूजन स्थल के पास समिति की ओर से दानपात्र स्थापित किया गया है, जिससे परंपरागत पूजा व्यवस्था को बनाए रखा जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं।