चैत्र नवरात्र में देवी मंदिरों पर पूजन-अर्चन के लिए शुक्रवार से श्रद्धालु जुटने लगेंगे। बृहस्पतिवार को देर शाम तक सभी देवी मंदिर सज-धज कर तैयार हो गए। सुबह से शाम तक मंदिरों की साफ-सफाई कर रंग-रोगन किया गया। शुक्रवार से नौ दिन तक देवी मंदिरों में पूजा-पाठ की धूम रहेगी। बृहस्पतिवार को दिन भर दुकानों पर पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की चहल-पहल रही।
शुक्रवार से नौ दिवसीय चैत्र नवरात्र शुरू हो रहा है।
नवरात्र के समय देवी मंदिरों समेत अन्य देवालयों पर भक्तों की भीड़ उमड़ती है। नवरात्र की तैयारी को लेकर बृहस्पतिवार को सभी शक्तिपीठ सज-धज कर तैयार हो गए। शहर के सीताकुंड स्थित धाम, शहगंज स्थित प्राचीन काली माता मंदिर, रूद्रनगर स्थित नयना माता मंदिर, लोहरामऊ के पास स्थित देवी मंदिर समेत सभी देवी मंदिरों पर साफ-सफाई की गई। बृहस्पतिवार को देर शाम तक नवरात्र के लिए शहर समेत ग्रामीण इलाके में स्थित सभी देवी मंदिरों को सजा दिया गया।
वहीं, चैत्र नवरात्र में नौ दिन देवी पूजन की तैयारी लेकर दिन भर दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की चहल-पहल रही। देवी मां के पूजन के लिए नौ दिन तक व्रत रखने वाले भक्तों ने कलश, चुनरी, नारियल, फल, मीठा समेत अन्य सामग्री की खरीदारी की। हालांकि, प्रत्येक साल की तरह इस बार भी चैत्र नवरात्र पर्व पर महंगाई की मार पड़ी है।