मोतिगरपुर, सुल्तानपुर। करीब 15 वर्षों बाद नवोदय विद्यालय को अपना भवन मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन बनकर तैयार है। जल्द ही नए भवन में शिक्षण कार्य शुरू होगा। जिससे छात्रों को पढ़ाई में सहूलियत मिलेगी।
वर्ष 2010 में अमेठी जिले के सृजन के बाद नवोदय विद्यालय उसके दायरे में चला गया था। इसके बाद तत्कालीन सांसद डॉ. संजय सिंह के प्रयास से 2011 में जिले में नवोदय विद्यालय स्वीकृत हुआ। करौंदीकला ब्लॉक के पाकड़पुर गांव में करीब 32 बीघा भूमि चिह्नित की गई, लेकिन भूमि स्थानांतरण में ही प्रशासन को पांच वर्ष लग गए।
निर्धारित योजना के अनुसार, विद्यालय भवन 2017 तक 22 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होना था, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता से निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं सका। जिससे लागत बढ़कर 50 करोड़ रुपये से अधिक हो गई। वर्ष 2019 से विद्यालय का शैक्षणिक सत्र भी शुरू हो गया। भवन नहीं मिलने से छात्रों को अस्थायी तौर पर अमिलिया सिकरा के राजकीय मॉडल कॉलेज में पढ़ाई कराई जा रही थी, जबकि संसाधनों की कमी से कक्षा छह के बच्चों को जवाहर नवोदय विद्यालय अमेठी भेजना पड़ता था।
चार फरवरी 2020 को सांसद मेनका गांधी ने विद्यालय की भूमि का शिलान्यास किया था। प्रधानाचार्य योगेंद्र द्विवेदी के दिसंबर 2024 में पदभार ग्रहण करने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई और वर्तमान में शैक्षणिक भवन, प्रशासनिक भवन, छात्रावास, भोजनालय, लाइब्रेरी और प्रयोगशालाओं का निर्माण पूरा हो चुका है।
चुनौती बनी बीच से गुजरी सड़क
परिसर के बीच से गुजर रही लोक निर्माण विभाग की सड़क बड़ी चुनौती बनी हुई है। करीब छह फीट ऊंची चारदीवारी का निर्माण हो चुका है, लेकिन सड़क नहीं हटने से पूर्व और पश्चिम दिशा में सड़क का हिस्सा खुला हुआ है। सड़क को हटाने के लिए वैकल्पिक मार्ग विद्यालय और ग्राम पंचायत के सहयोग से तैयार किया गया है, लेकिन 800 मीटर रास्ते का पिच कार्य अभी तक अधूरा है। नवोदय विद्यालय समिति नोएडा के निर्माण महाप्रबंधक ने स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों से चर्चा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। छात्रों की सुरक्षा के लिए सड़क किनारे लोहे का एंगल लगाकर बैरिकेडिंग कराई जा रही है।
अगले चरण में तैयार होगा खेल मैदान और आवास
प्रधानाचार्य योगेंद्र द्विवेदी ने बताया कि पखवाड़े भर में नए भवन में शिक्षण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। खेल मैदान, हाउस कीपिंग भवन व कर्मचारियों के आवास का निर्माण चल रहा है।