लंभुआ। सुल्तानपुर-जफराबाद रेल खंड पर स्थित नरहरपुर रेलवे क्रॉसिंग सोमवार को भी बंद रही। अपराह्न करीब तीन बजे तक रेल ट्रैक की मरम्मत का कार्य पूरा कराया गया। दूसरे दिन भी सुबह से लेकर दोपहर बाद तक क्रॉसिंग बंद होने से राहगीरों के साथ ही वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी उठाना पड़ी।
वरिष्ठ खंड अभियंता (रेल पथ) एल. ब्राइक ने बताया कि रविवार से रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू कराया गया। जेसीबी से सड़क पर मौजूद गिट्टी व मिट्टी हटाई गई। इसके बाद मजदूरों ने ट्रैक की मरम्मत की। काम सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे पूरा हुआ। अब क्रॉसिंग को वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। मरम्मत कार्य के दौरान वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप रहा। लोगों ने आवागमन के लिए नरहरपुर, आनापुर व कोथरा अंडरपास का उपयोग किया। इससे लोगों को दो से पांच किमी तक अधिक दूरी तय करने की परेशानी भी उठाना पड़ी।
रास्ता बदल कर पूरी की यात्रा
शंकरपुर निवासी बलिराज ई रिक्शा लेकर जा रहे थे। क्रॉसिंग बंद होने के कारण उन्हें दूसरे रास्ते से जाना पड़ा। पिलखिनी निवासी दिनेश सिंह बाइक से लंभुआ की तरफ आ रहे थे। क्रॉसिंग बंद देख उन्हें वापस नरहरपुर गांव के रास्ते अंडरपास पार करके लंभुआ की तरफ जाना पड़ा। जौनपुर निवासी अखिलेश सिंह बोलेरो से जा रहे थे। उन्हें सुल्तानपुर-वाराणसी हाईवे से जाना पड़ा। बताया कि इस रास्ते पर दो लोगों से मुलाकात करना था लेकिन क्रॉसिंग बंद होने के कारण अब बाद में फिर आना पड़ेगा। सर्वोदय नगर निवासी व्यापारी शिवम बरनवाल को व्यावसायिक कार्य से कोथरा बाजार जाना था। करीब ढाई किमी की अधिक दूरी तय करके कोथरा जाना पड़ा।