सुल्तानपुर। डॉ़ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल में बृहस्पतिवार को नंदिनी नगर महाविद्यालय, गोंडा ने केएनआईपीएसएस को 122 रन से हराया। शुक्रवार को फाइनल मुकाबला साकेत पीजी कॉलेज अयोध्या और नंदिनी नगर महाविद्यालय गोंडा के बीच होगा।
श्री विश्वनाथ पीजी कॉलेज, कलान के उरेहा स्टेडियम में दूसरा सेमीफाइनल केएनआईपीएसएस सुल्तानपुर और नंदिनी नगर पीजी कॉलेज गोंडा के बीच खेला गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य उदय प्रकाश सिंह ने किया।
नंदिनी नगर के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। नंदिनी नगर की टीम ने मो. सैफ के 21 गेंद पर 40 रन, विश्वजीत के 29 गेंद पर 37 रन और आखिरी ओवर में राजा के धुंआधार नाबाद 35 रन की बदौलत 189 रन का स्कोर खड़ा किया।
केएनआईपीएसएस की तरफ से गेंदबाजी करते हुए आदित्य ने चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट और मसीउल्लाह ने चार ओवर में 38 रन देकर दो विकेट झटके। 189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केएनआईपीएसएस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा।
केएनआईपीएसएस के सभी खिलाड़ी 66 रन बनाकर आउट हो गए। नंदिनी नगर टीम ने 122 रन से सेमीफाइनल मुकाबला जीत लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को नंदिनी नगर पीजी कॉलेज गोंडा और साकेत पीजी कॉलेज अयोध्या के मध्य खेला जाएगा।