फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: दो एसयूवी भिड़ीं, तीन की मौत, सात घायल

Mon, 06 Feb 2023 12:26 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। अखंडनगर विकास खंड दफ्तर के सामने रविवार शाम एक बाइक को टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार एसयूवी सामने से आ रही दूसरी एसयूवी से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। उनमें दो युवक हैं। सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर डीएम व एसपी ने मौके पर पहुंचकर हादसे के बारे में जानकारी की।
विज्ञापन

क्षेत्र के पतजू पहाड़पुर मोहनलाल (26) रविवार शाम चार बजे बाइक से कहीं जा रहा था। पारा बासूपुर गांव के पास स्थित अखंडनगर ब्लॉक के सामने मोहनलाल की बाइक को एक तेज रफ्तार एसयूवी ने टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित एसयूवी सामने से आ रही दूसरी एसयूवी से टकरा गई। हादसे में मोहनलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों एसयूवी के परखचे उड़ गए। भिड़ंत की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बाइक सवार को टक्कर मारने वाली एसयूवी में सवार प्रवेश (35) निवासी इब्राहिमपुर, फूलपुर जिला आजमगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। इसी वाहन पर सवार सिकंदर (25) निवासी पटना थाना अखंडनगर, सचिन (25) व गुड्डू (26) निवासी विशेषपुर, फूलपुर जिला आजमगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन

दूसरी एसयूवी पर सवार राम आसरे यादव (65) और दिलीप राजभर (25) निवासी प्रतापपुर थाना अखंडनगर जिला सुल्तानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। इस एसयूवी पर सवार महेंद्र यादव (55) निवासी बड़ौरा ख्वाजापुर, राजदेव वर्मा (61) निवासी पतजू पहाड़पुर, राकेश पांडेय (45) निवासी जगदीशपुर थाना अखंडनगर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से स्थानीय सीएचसी पहुंचाया। सूचना मिलते ही पूर्व विधायक भगेलूराम, डीएम रवीश गुप्ता व एसपी सोमेन बर्मा मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने सीएचसी पर भर्ती घायलों का हालचाल लिया। बेहतर इलाज के लिए चिकित्सक की सलाह पर घायलों को जिला अस्तपाल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया है।

एक एसयूवी में मिलीं शराब की बोतलें
दुर्घटनास्थल पर पहुंची अखंडनगर पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों की जांच की। इस दौरान एक एसयूवी में शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक शराब की बोतलें बाइक को टक्कर मारने वाली एसयूवी में थीं। आशंका जताई जा रही है कि इस वाहन पर सवार लोग शराब के नशे में थे।

पूर्व विधायक के काफिले में चल रही थी हादसे की शिकार एसयूवी
कादीपुर के पूर्व विधायक भगेलू राम रविवार को कादीपुर से अखंडनगर जा रहे थे। उनके काफिले में कई वाहन चल रहे थे। ब्लॉक के सामने बाइक को टक्कर मारने वाली एसयूवी ने उनके काफिले में चल रही दूसरी एसयूवी को टक्कर मार दी। जिससे एसयूवी पर सवार राम आसरे यादव और दिलीप राजभर की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पूर्व विधायक समेत अन्य समर्थक मौके पर एकत्र हो गए और घायलों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया।

घर में खुशी का माहौल मातम में तब्दील
अखंडनगर क्षेत्र के पतजू पहाड़पुर गांव निवासी सिकंदर के घर रविवार को मांगलिक कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आजमगढ़ के फूलपुर क्षेत्र के इब्राहिमपुर निवासी प्रवेश पतजू पहाड़पुर गांव आया था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद प्रवेश व अन्य लोग पार्टी करने अखंडनगर ब्लॉक के पास गए थे। वहां से लौटते समय हादसा हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें