सुल्तानपुर। वलीपुर स्थित पीपी इंटर कॉलेज में फर्जी डिग्री लगाकर सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्ति पाने के आरोप में अशोक कुमार तिवारी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया गया है।
स्पेशल टास्क फोर्स लखनऊ की ओर से की जा रही शिक्षक भर्तियों में हुई अनियमितता की जांच में सहायक अध्यापक अशोक कुमार तिवारी का मामला भी शामिल है। वे कुछ समय तक पीपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य भी रहे हैं। डीआईओएस के निर्देश पर पीपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने अशोक कुमार तिवारी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सहायक अध्यापक अशोक कुमार तिवारी की बीएड की डिग्री फर्जी है। इसकी पुष्टि के बाद शिक्षक की सेवा समाप्ति के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक को संस्तुति भेजी गई है।