किराना की दुकान पर बिक्री के लिए रखा सरसों का तेल।
सुल्तानपुर। त्योहारों के बीच सरसों के तेल की बढ़ती कीमतों ने घरों का बजट बिगाड़ दिया है। पखवाड़े भर पहले तक 190 रुपये प्रति लीटर बिकने वाला तेल अब 210 रुपये तक पहुंच गया है। त्योहारों पर खरीदारी के बीच रसोई का खर्च बढ़ने से परिवारों की चिंता बढ़ गई है।
किराना व्यापारी कृष्ण मोहन बरनवाल ने बताया कि नई सरसों की फसल आने में अभी समय है। मिलों में पुराना स्टॉक घटने और खाद्य तेलों की कीमतें बढ़ने से खुदरा बाजार प्रभावित हुआ है। त्योहारों में मांग बढ़ने से कीमतों में और तेजी आने की आशंका है। दुकानदार मनोज रावत और मुकेश ने बताया कि कीमतें बढ़ने से ग्राहक जरूरत के मुताबिक ही तेल खरीद रहे हैं। त्योहारों से पहले महंगाई बढ़ने का असर बिक्री पर भी पड़ सकता है।
हंगे तेल ने बढ़ाई गृहिणियों की चिंता
गृहिणी गीता देवी ने कहा कि तेल के दाम बढ़ने से महीने का बजट बिगड़ रहा है। जरूरी सामान खरीदने के बाद दूसरे खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है। सुनीता ने बताया कि त्योहार पर पकवान बनाने की तैयारी है, लेकिन महंगाई के कारण जरूरत के हिसाब से ही सामान खरीदना पड़ रहा है। रीना तिवारी ने कहा कि पहले ही आटा, दाल और सब्जियों पर खर्च बढ़ गया है। अब तेल महंगा होने से घर चलाना और मुश्किल हो गया है।