अमेठी। मामूली कहासुनी में शनिवार रात युवक ने पत्नी पत्नी का सिर ताले से कूंच दिया और लहूलुहान हालत में पत्नी को छोड़कर आरोपी पति फरार हो गया। पड़ोसियों ने घटना की सूचना देते हुए महिला को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
परिवारीजन महिला को लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने महिला की बहन की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के जैनबगंज बाजार में सिराजुद्दीन का मकान है। मकान में सिराजुद्दीन अपनी पत्नी रोशनी (38) के साथ रहता था। शनिवार की रात मामूली विवाद में सिराजुद्दीन और रोशनी के बीच विवाद हो गया।
विवाद के दौरान ही सिराजुद्दीन ने पत्नी की पिटाई के बाद उसके सिर को ताले से कूंच दिया। इसके बाद लहूलुहान हालत में रोशनी को छोड़कर घर से फरार हो गया। पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए घायल रोशनी को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
परिवारीजन रोशनी को लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। इस बाबत थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया की मृतका की बहन शहनाज बानो की तहरीर सिराजुद्दीन के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
जैनबगंज बाजार निवासी सिराजुद्दीन का बेटा निजामुद्दीन (7) ने एसओ को बताया कि शनिवार की रात मम्मी और पापा के बीच विवाद हो रहा था। इस बीच पापा ने मम्मी को ताले से मार दिया। इसके बाद मम्मी जमीन पर गिर पड़ी। घटना के वक्त निजामुद्दीन के साथ ही उसका छोटा भाई नियामुद्दीन और बहन आरजू मौजूद थे।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के देवकली गांव निवासी रियासत की बेटी रोशनी की शादी बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के जैनबगंज निवासी सिराजुद्दीन के साथ वर्ष 2014 में शादी हुई थी। रोशनी से पहले सिराजुद्दीन ने सुल्तानपुर जिले के पांचोपीरन की रहने वाली परबीन बानों से शादी की थी।
परबीन बानों से दो बच्चे पैदा हुए। इनमें अजहरूद्दीन (18) व आसिफ (14) हैं। वर्ष 2013 में सिराजुद्दीन ने परबीन को छोड़ दिया था। दूसरी शादी के बाद रोशनी से निजामुद्दीन (7) व नियामुद्दीन (6) व बेटी आरजू (5) हैं।