लंभुआ (सुल्तानपुर)। घर से सामान खरीदने निकले युवक की धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार की सुबह घर से तीन सौ मीटर दूर सड़क पर युवक का लहूलुहान शव पाया गया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर चचेरे बहनोई समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के पथरा गांव निवासी रामसुमेर का बेटा बलजीत (27) दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। बुधवार शाम करीब सात बजे बलजीत घरेलू सामान खरीदने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक जब वह वापस घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
बृहस्पतिवार की सुबह कुछ बच्चे कोचिंग पढ़ने जा रहे थे। बच्चों ने मिश्रौली पुल से सुल्तानपुर मार्ग की निर्माणाधीन सड़क पर एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा देखा तो चीख पड़े। बच्चों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए।
इस दौरान कुछ लोगों ने शव की शिनाख्त बलजीत के रूप में की। सूचना के बाद बलजीत के परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए और शव देखकर दहाड़े मारकर रोने लगे। ग्रामीणों की सूचना के बाद एएसपी सिटी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन, लंभुआ कोतवाल श्याम नारायण पांडेय भी मौके पर पहुंच गए।
एएसपी सिटी ने घर वालों से पूछताछ की। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। एएसपी सिटी ने बताया कि मृतक के भाई गंगाराम की तहरीर पर पुलिस ने चचेरे बहनोई रामअचल निवासी मुकुंदपुर, रामनयन निवासी छापर और सतीश निवासी तरही के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
परिवार में मचा कोहराम
लंभुआ। बलजीत के परिवार में पत्नी रेनू, चार वर्षीय बेटी बिट्टो और एक वर्षीय बेटा दिव्यांश हैं। बलजीत के साथ उसकी बुजुर्ग मां और पिता रामसुमेर रहते हैं। बलजीत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई गंगाराम व श्रीराम हैं। बलजीत की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
चचेरी बहन की पिटाई का विरोध करता था बलजीत
लंभुआ। पथरा गांव के रहने वाले लोगों ने बताया कि इसी गांव के मटरू की बेटी अनीता की शादी मुकुंदपुर निवासी रामअचल के साथ हुई थी। आए दिन अनीता का पति रामअचल उसकी पिटाई करता था। बलजीत चचेरी बहन अनीता की पिटाई का विरोध करता था। इसे लेकर कई बार बलजीत और रामअचल में तीखी नोकझोंक भी हो चुकी थी।