दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। अलहदादपुर चौबेपुर गांव में सोमवार की सुबह मवेशियों के लिए खेत में चरी काट रहे आबकारी सिपाही को एक युवक ने गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने घायल सिपाही को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के अलहदादपुर चौबेपुर गांव निवासी सुनील यादव (28) पुत्र अमर बहादुर यादव बाराबंकी में आबकारी विभाग में सिपाही के पद पर तैनात था। पिछले शुक्रवार को सुनील छुट्टी लेकर घर आया था। सोमवार की सुबह सुनील मवेशियों के लिए चरी काटने के लिए घर से दूर खेत में गया था।
सुनील चरी काट रहा था। तभी गांव का ही लवकुश वहां पहुंचा और सुनील की पीठ में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने सुनील को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. आदित्य तिवारी ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही एसपी शिवहरी मीणा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
वहां का निरीक्षण करने के बाद एसपी गांव पहुंचे और ग्रामीणों से पूछताछ की। एसपी ने बताया कि हत्या आरोपी लवकुश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
बरसात के पानी को निकालने को लेकर हुआ था विवाद
दोस्तपुर। अलहदादपुर चौबेपुर गांव के लोगों ने बताया कि शुक्रवार को सुनील बाराबंकी से घर आया था। शनिवार को बरसात हुई थी। बरसात का पानी सुनील के घर के पास जमा था। पानी निकासी को लेकर सुनील का लवकुश से विवाद हुआ था। इसी विवाद में सुनील की हत्या की गई।