फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: हत्या का मुकदमा दर्ज, चारों आरोपियों को भेजा गया जेल

Sat, 07 Dec 2024 12:36 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
पकड़े गए हत्या आरोपी
विज्ञापन
सुल्तानपुर। बेगमपुरा एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद में अमेठी के निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को यात्री की हत्या के आरोप में सुल्तानपुर निवासी चार युवकों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। मृतक तौहीद के भाई तौसीफ की तहरीर पर जीआरपी थाने में हत्या व जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया।
विज्ञापन

जीआरपी ने

हत्या में प्रयुक्त चाकू व लोहे की रॉड बरामद की है। अब तक की जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच ट्रेन के बाद निहालगढ़ स्टेशन के रेलवे ट्रैक पर चाकूबाजी हुई थी, जिसमें तौहीद की जान चली गई।

जम्मूतवी से वाराणसी जाने वाली बेगमपुरा डाउन एक्सप्रेस के जनरल कोच में बृहस्पतिवार सुबह यात्रियों के बीच सीट को लेकर विवाद हो गया था। दोनों पक्षों के लोग रेलवे ट्रैक पर आकर एक दूसरे पर टूट पड़े थे। हमले में अमेठी जिले के मदकीयन का पुरवा रानीगंज, थाना जगदीशपुर निवासी तौहीद, उसका भाई तालिब व तौसीफ घायल हो गए थे। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी। ट्रेन में छिपकर हत्यारोपी मौके से भाग निकले थे, जिन्हें सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ व जीआरपी ने पकड़ लिया था। हत्यारोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू व लोहे की रॉड बरामद हुई है।
विज्ञापन

तौहीद के भाई तौसीफ की तहरीर पर जीआरपी ने शुक्रवार को केस दर्ज कर गौतमपुर लंभुआ कोतवाली निवासी हत्यारोपी पवन, सुजीत, दीपक व मिथुन को सीजेएम नवनीत सिंह की कोर्ट में पेश किया। वहां से सभी को 19 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जीआरपी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सभी आरोपी बालिग हैं। उनके पास से बरामद आधार कार्ड से इसकी पुष्टि हुई है।
-
...तो हत्यारोपियों ने चाकू छीनकर किया था हमला
वारदात में प्रयुक्त चाकू कौन लाया था, इसे लेकर संशय बना हुआ है। पूछताछ में हत्यारोपियों ने बताया कि दूसरे पक्ष के लोग चाकू लेकर आए थे। आरोपियों ने उनसे चाकू छीनकर अपना बचाव किया था। जीआरपी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि चाकू किसका है, इस बारे में अभी जांच की जा रही है।

आ रहे थे दोस्त के भाई की शादी में, पहुंच गए जेल
लंभुआ (सुल्तानपुर)। बेगमपुरा एक्सप्रेस की घटना के चारों आरोपित दोस्त के भाई की शादी में शामिल होने के लिए घर आ रहे थे। लेकिन युवक की हत्या व दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमले में सभी जेल भेज दिए गए। पकड़े गए सभी आरोपी अंबाला में एक ही कंपनी में काम करते थे।
लंभुआ कोतवाली के गौतमपुर सरैया निवासी सुजीत, मिथुन, पवन व दीपक में अच्छी दोस्ती है। सुजीत का पूरा परिवार अंबाला में रहता है। दीपक के भाई मंगल की शादी 13 दिसंबर को है, जिसमें दीपक को घर आना था। दीपक ने अपने साथियों को भी घर आने के लिए राजी कर लिया। जल्दबाजी में उन्हें रिजर्वेशन नहीं मिला। इसपर सभी अंबाला स्टेशन से टिकट लेकर बेगमपुरा एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हो गए।
बृहस्पतिवार सुबह वे लखनऊ पहुंचे। परिवारीजन के मुताबिक लखनऊ पहुंचने की जानकारी भी उन लोगों ने फोन से दी थी। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि युवक की हत्या हो गई। इस दौरान आरोपियों ने घर पर सुल्तानपुर स्टेशन पर उतरने की जानकारी दी। इसके बाद कुछ लोग उन्हें लेने पहुंचे थे। लेकिन सभी को आरपीएफ ने पकड़ लिया। बाद में लंभुआ पुलिस ने परिजनों को गिरफ्तारी की जानकारी दी तो सभी दंग रह गए।

आरोपियों को नाबालिग बता रहे परिजन

परिवारीजन आरोपियों को नाबालिग बता रहे हैं। परिजनों ने सुजीत की आयु 15, मिथुन की 16, पवन की 16 व दीपक की 18 वर्ष होने का दावा किया है।

बचने के लिए बदल दिए थे कोच
निहालगढ़ रेलवे स्टेशन की घटना के बाद सभी आरोपियों ने कोच बदल लिए थे। वे आगे के दूसरे कोच में सवार हो गए। उस समय ट्रेन में मौजूद एक सजग युवक उन पर नजर रखे था। सुल्तानपुर स्टेशन पर जब ट्रेन पहुंची तो आरपीएफ व जीआरपी ने आरोपियों की तलाश शुरू की। खोजबीन में हत्यारोपी जनरल कोच में नहीं मिले। दूसरे कोच में तलाश शुरू हुई। इस बीच युवक ने टीम को इशारे से गलियारे में खड़े चारों आरोपियों की तरफ इशारा किया और फिर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें