सुल्तानपुर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की याद में खेल दिवस पर शुक्रवार को पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबला एमएसवी (मधुसूदन विद्यालय) और एमजीएस (महात्मा गांधी स्मारक) इंटर के बीच हुआ। जिसमें एमएसवी ने एमजीएस को 1-0 से हरा दिया।
क्रीड़ाधिकारी राजेश सोनकर की अगुआई में हॉकी और टेबल टेनिस प्रतियोगिता हुई। उद्घाटन मुख्य अतिथि सुल्तानपुर विधायक विनोद सिंह ने किया। विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक और भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह रहे। खेल निदेशालय और हॉकी संघ सुल्तानपुर के समन्वय से आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में 13 टीमों ने प्रतिभाग किया।
मैच में एमजीएस, जूनियर विद्यालय नारायणपुर, स्टेडियम ए और एमएसवी की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहला सेमीफाइनल नारायणपुर और एमजीएस के बीच हुआ। इसमें एमजीएस ने 2-0 से जीत दर्ज की। दूसरा सेमीफाइनल एमएसवी और स्टेडियम ए के बीच खेला गया।
इसमें एमएसवी ने स्टेडियम ए को 2-1 से हराया। फाइनल मुकाबला एमएसवी और एमजीएस के बीच हुआ, जिसमें एमजीएस विजेता बनी। एमएसवी से आयुष विश्वकर्मा, विशाल, धर्मजीत, हिमांशु, अंकित ने बढ़िया प्रदर्शन किया। एमजीएस से हिमांशु, अभय,साहिल वैभव, अशलम्, नवाज, प्रभाकर, अंश ने अच्छा प्रदर्शन किया।
निर्णायक इरशाद खान, राम सिंह, सलमान, दानिश, शाहरुख, अजीत तिवारी, मो. साहिल, राजेंद्र रहे, संचालन मुनेंद्र मिश्रा ने किया। वहीं, टेबल टेनिस में एकल प्रतियोगिता बालिका वर्ग में आशना ने कायनात को तीन सेटों के मैच में 2-1 से हराया। बालक वर्ग में नैतिक ने नीलेश को 2-1 से मात दी। निर्णायक पूजा यादव, अनुपम शुक्ला,कशिश फ़ातिमा, बुशरा रहीं।
सम्मानित किए गए राष्ट्रीय खिलाड़ी
खेल दिवस पर राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसमें वॉलीबाॅल से कशिश प्रिया, हैंडबाॅल से सुमित गौड़, हॉकी से दानिश रहमान, फुटबॉल से प्रियांशी पाल, कुश्ती से आशुतोष उपाध्याय, एथलेटिक्स से अंश चौरसिया, बैडमिंटन से अक्षत शुक्ला और टेबल टेनिस से श्रिया मिश्रा को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता समापन के अवसर पर कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने खिलाड़ियाें को पुरस्कृत किया।