सुल्तानपुर। जिले के दो दिवसीय दौरे पर रविवार की शाम सांसद मेनका गांधी पहुंच गईं। वे सोमवार को दिशा कमेटी व पार्टी की बैठक में हिस्सा लेंगी।
शाम को आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर मेरा घर है। कोरोना संक्रमण की वजह से इधर नहीं आ सकी लेकिन रोजाना दो सौ से अधिक लोगों से फोन पर बात करके उनकी समस्याओं के समाधान में लगी रही। मेरे प्रतिनिधि रणजीत कुमार भी लोगों की समस्याएं निपटाते रहे।
सांसद मेनका ने कहा कि अब मैं हर महीने आऊंगी। उन्होंने बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन के रिस्टोर किए जाने के बारे में भी जानकारी दी। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि सोमवार को सांसद जिला विकास समन्वय समिति व पार्टी की बैठक में हिस्सा लेंगी। 11 अगस्त की सुबह सड़क मार्ग से दिल्ली वापस हो जाएंगी।
इसके पहले आवास पर सड़क मार्ग से पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, पूर्व अध्यक्ष करुणाशंकर द्विवेदी, पूर्व पालिका चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार, संदीप सिंह व राजेश पांडेय मौजूद रहे।