सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमण को लेकर मोतिगरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को भी एल वन हॉस्पिटल बनाया जा रहा है। मरीजों की संख्या बढ़ने पर प्रशासन एहतियातन मोतिगरपुर सीएचसी पर तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्ट्रेट में शनिवार को बैठक के दौरान शासन से नामित नोडल अधिकारी अशोक चंद्र को डीएम ने यह जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि कुड़वार के लेवल वन हॉस्पिटल में 30 बेड हैं। अभी जिले में चार पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इसके साथ ही एल टू हॉस्पिटल के तौर पर शहर का सुमन हॉस्पिटल व करुणाश्रय हॉस्पिटल को चिह्नित किया गया है।
जयसिंहपुर सीएचसी में भी सौ बेड की व्यवस्था है। संक्रमण रोकने के लिए 25 पैरामेडिकल टीम काम कर रही है। बाहर से आने वालों सभी लोगों (परदेसियों) की स्क्रीनिंग कराने का प्रशासन ने दावा किया है। डीएम सी. इंदुमती ने कहा कि ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों की अध्यक्षता मेें निगरानी समिति गठित की गई है। समिति क्वारंटीन किए गए लोगों की निगरानी करते हुए रिपोर्ट दे रही है।
जिले में 49 आश्रय स्थल व 94 सामुदायिक रसोई के संचालन की जानकारी नोडल को दी गई। पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिले को पांच जोन व 16 सेक्टर में बांटा गया है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने जिले में पर्याप्त पीपीई किट, मास्क व दवाओं की उपलब्धता की जानकारी दी।
बैठक में संबंधित मौजूद रहे। इसके बाद नोडल अधिकारी अशोकचंद्र ने मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के कंटेनमेंट एरिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नोडल ने जोन के ग्रामीणों के जरूरी सामानों की आपूर्ति, संक्रमण को रोकने के लिए की गई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने डीएम व एसपी को संक्रमण का फैलाव रोकने के संबंध में निर्देश दिए।