जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। घर में मां और उसके मासूम बच्चे को बंधक बनाकर दो बदमाशों ने 60 हजार रुपये के जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर मां की पिटाई भी की। पीड़िता ने थाने में तहरीर दे दी है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा निवासी राम नारायण शुक्रवार रात करीब 10 बजे खेत चले गए। परिजन गांव में भागवत कथा सुनने गए थे। घर पर उनकी पत्नी राजकुमारी पांच साल के बेटे के साथ मौजूद थीं। इस बीच दो बदमाश घर में घुस गए और चारपाई पर बेटे के साथ लेटीं उनकी पत्नी राजकुमारी और बेटे को पकड़ लिया। राजकुमारी ने शोर मचाने की कोशिश की तो उसके बच्चे को छीन लिए।
राजकुमारी के मुताबिक बदमाशों ने बच्चे को मार डालने की धमकी देकर बक्से की चाबी मांग ली और उसमें से 60 हजार रुपये के जेवरात और ढाई हजार की नकदी निकाल ली। राजकुमारी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई भी की।
लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग गए। राम नारायण खेत से लौटे तो राजकुमारी ने पूरी बात बताई। शनिवार को पीड़िता ने घटना की तहरीर थाने में दी है। इस बावत जयसिंहपुर कोतवाल प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।