बीते चौबीस घंटे से जिले में रुक-रुककर हो रही तेज व रिमझिम बारिश से खेत व खलिहान लबालब हो गए। पहली बार जिले के सभी क्षेत्रों में एक साथ हुई बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी आ गई है। बारिश से तापमान में गिरावट आ गई और मौसम ठंडा हो गया है। चौबीस घंटे में जिले में 51.02 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड की गई है।
शनिवार की शाम से जिले में रुक-रुककर कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश शुरू हो गई। लगातार रात भर बरसात होती रही। रविवार की शाम तक बारिश रुक-रुककर होती रही। पहली बार पूरे जिले में एक साथ हुई लगातार बरसात से खेत व खलिहान लबालब हो गए हैं। खेतों में पानी भरने से किसानों के चेहरों पर रौनक आ गई है। किसानों ने धान की रोपाई का कार्य शुरू करा दिया है। शाम तक आसमान में घने बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलती रही।
मौसम विभाग ने बीते चौबीस घंटे में जिले में 51.02 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की है। मौसम पर्यवेक्षक योगेेंद्र सिंह नागा ने बताया कि बारिश से अधिकतम तापमान गिरकर सामान्य से तीन डिग्री नीचे 28.5 पर पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में आर्द्रता 98-85 व दक्षिणी-पश्चिमी हवा की गति पांच किलोमीटर प्रति घंटे रही। उन्होंने अगले 24 घंटे में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।