कुड़वार ग्रामीण बैंक से बाहर आते लोग।
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में तीन दिन से बंद लेनदेन मंगलवार से शुरू हो गया। धनराशि की जमा निकासी का काम चालू हाेने से बैंक ग्राहकों को राहत मिल गई। जिले की 79 शाखाओं में दिन भर ग्राहकों की आवाजाही लगी रही।
पिछले माह प्रथमा ग्रामीण व आर्यावर्त बैंक का विलय कर दिया गया था। शुक्रवार से माइग्रेशन कार्य चल रहा था। सीबीएस (कोर बैंकिंग सिस्टम) एक किया जा रहा था। इस बीच तीनों बैंकों के ग्राहकों का विवरण भी एक किया गया। इसे लेकर जिले के करीब 12 लाख ग्राहक तीन दिन से परेशान रहे।
सीबीएस दुरुस्त होने के बाद मंगलवार से बैंकिंग लेन-देन शुरू हो गया। ग्राहकों को राहत मिल गई है। कुड़वार के कोटा निवासी अंकित पांडेय ने बताया कि दो दिन से परेशानी थी। बैंक चालू होने से समस्या दूर हो गई। कुड़वार शाखा पर पहुंची स्नेहलता ने बताया कि दो दिन से वापस हो रही थी। मंगलवार को धन का लेन-देन हो सका। ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक एमआर झा ने बताया कि कोर बैंकिंग सिस्टम दुरुस्त हो गया है। माइग्रेशन कार्य समाप्त होते ही सभी बैंक शाखाओं को चालू कर दिया गया।