अंबेडकरनगर। सम्मनपुर के लेहड़ी गांव में तालाब में नहाने के विवाद में हुई मोहनलाल कनौजिया की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मंगलवार को पुलिस को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि मोहनलाल की मृत्यु पिटाई से नहीं, बल्कि हार्टअटैक से हुई है।
सम्मनपुर के मजीसा के लेहड़ी गांव में विष्णु पांडेय के तालाब में रविवार को अमित व सुजीत नहाने गए थे। इस दौरान अमित शैंपू लगाने लगा। तालाब में पली कुछ मछलियां मर गईं। इस पर विष्णु व उनके साथियों ने दोनों की डंडे से पिटाई की। आरोप है कि जानकारी होने पर शाम करीब छह बजे अमित व सुजीत के पिता मोहन कनौजिया ने विरोध जताया। इस पर विष्णु व अन्य लोग नाराज हो गए और और कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी थी।
मृतक के पुत्र अजीत की तहरीर पर गांव निवासी विष्णु पांडेय, गोपाल पांडेय, आदित्य पांडेय, अंश पांडेय, लाला पांडेय और देवेंद्र के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हालांकि, सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक पाया गया है।