बंधुआकला (सुल्तानपुर)। क्षेत्र की कई सड़कों के निर्माण व पुरानी के चौड़ीकरण के लिए एमएलसी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने इन सड़कों का एस्टीमेट विभाग से मंगाकर स्वीकृति के साथ बजट जारी करने का आश्वासन दिया।
एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से मिलकर क्षेत्र की कुछ सड़कों के चौड़ीकरण और पक्की सड़क से अछूते गांवों में नई सड़कों के निर्माण की जरूरत बताई। ग्राम पंचायत मुड़वा के यादव बस्ती में 1500 मीटर, कोटा के कुड़ियारा में 1600 मीटर, तुलसीपुर ग्राम पंचायत के हनुमान दुबे का पुरवा मार्ग पर 1300 मीटर, विसेन पांडेय का पुरवा लखनेपुर मार्ग पर 1000 मीटर, बीही निदूरा चैन मिश्र का पुरवा मार्ग पर 1100 मीटर, रामनगर में सुजान-बढ़नपुर मार्ग पर 2800 मीटर के नवनिर्माण के लिए पत्र सौंपा है।
बॉक्स
दो सड़कों को टू-लेन बनाने की मांग
एमएलसी ने मुख्यमंत्री से लखनऊ-वाराणसी हाईवे के अलीगंज कस्बे से ब्लाॅक मुख्यालय कुड़वार को जाने वाली 13 किमी लंबी सड़क और अलीगंज से मिठनेपुर होते हुए अयोध्या को सीधा जोड़ने वाली प्रभातनगर तक 25 किमी लंबी सड़क को टू-लेन बनाने की मांग रखी। बताया कि इन सड़कों के चौड़करण से लाखों की आबादी को फायदा मिलेगा।
सीएम ने दिया मंंजूरी का आश्वासन
एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया गया है। सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए मांग पत्र दिया है। मुख्यमंत्री ने जल्द ही मंजूरी का आश्वासन दिया है।