बल्दीराय (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के रामनगर गदियाना गांव के खेतों के बीच से गुजरी माइनर की पटरी सोमवार की रात अचानक कट गई। रातभर माइनर का पानी अगल-बगल के खेतों में भरता रहा। मंगलवार सुबह तक करीब 50 बीघा खेत जलमग्न हो गए। खेतों में लगी धान की फसल पानी में डूब गई। किसानों ने इसकी जानकारी सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी। इसके बाद भी कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद कटान स्थल को बांधकर पानी को खेतों की ओर जाने से रोेका।
बल्दीराय विकास खंड क्षेत्र में सिंचाई खंड-16 की ओर से नहरों व माइनरों का संचालन किया जा रहा है। रामनगर माइनर की पटरी में सोमवार की रात रामनगर गदियाना गांव के पास अचानक कटान हो गई। इससे आसपास के करीब 50 बीघा खेत पूरी तरह से जलमग्न हो गए। मंगलवार को सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने कटान और बहाव देखा तो वह अवाक रह गए। इस संबंध में स्थानीय अवर अभियंता पवन पाल ने बताया कि अराजकतत्वों ने माइनर की पटरी को काट दिया है। हेड से माइनर का पानी बंद किया जा चुका है। अधिशासी अभियंता शरद कुमार ने बताया कि माइनर कटने की जानकारी नहीं मिली है। अवर अभियंता से पता करके ही बता पाएंगे।
प्रधान निर्मला के पति हजारी प्रसाद साहू ने बताया कि मंगलवार को सुबह कटान के बारे में जानकारी मिली। ग्रामीणों की मदद से कटान बंद करा दी गई है। कटान से लल्लन, सर्वदीन, नज्जर, कल्लन, मिहीलाल, वकील समेत अन्य किसानों की धान की फसल डूब गई है। फिलहाल फसल बच जाने की उम्मीद है।