लंभुआ तहसील क्षेत्र के मझुई गांव से गुजरी खुदौली माइनर में बुधवार की रात अचानक अज्ञात कारणों से कटान हो गई। कटान से माइनर का पानी खेतों में जाने लगा। ग्रामीणों ने कटान रोकने का प्रयास किया लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। कटान की जानकारी ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय स्तर पर कोई भी कर्मचारी मझुई गांव नहीं भेजा गया। पिछले तीन दिनों से लगातार माइनर का पानी बहने से तकरीबन 100 बीघे खेत व गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर जलभराव हो गया है। गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर जलभराव से ग्रामीणों को आवागमन में भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
तीन दिनों से माइनर का पानी बहने से धान की नर्सरी भी चौपट होने के कगार पर है। ग्रामीणों के मुताबिक एक निजी तालाब में डाली गई हजारों मछलियां भी बह गई है। शुक्रवार को भी सिंचाई विभाग की ओेर से कटान रोकने के उपाय शुरू नहीं किए गए थे।
आवागमन ठप, स्कूली बच्चे परेशान
लंभुआ। माइनर कटान होने के चलते प्राथमिक विद्यालय मझुई के चारों ओर जलभराव हो गया है। विद्यालय परिसर के आस-पास जलभराव होने से विद्यार्थियों को आवागमन में काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।उपजिलाधिकारी लंभुआ रमेश चंद्र शुक्ला ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। जांच करवाई जाएगी।