नंदगांव का निरीक्षण करते समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण। स्रोत-सोशल मीडिया
सुल्तानपुर। समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने मंगलवार को नंदगांव पहुंचकर अनाथ बालिकाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। करीब दो घंटे के प्रवास के दौरान उन्होंने बालिकाओं की पृष्ठभूमि जानी और शिक्षा, काउंसिलिंग व आत्मनिर्भरता पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर अवसाद से जूझ रही बालिकाओं की सरकारी स्तर पर काउंसिलिंग कराई जाएगी।
नंदगांव के 55 मसालों वाले हर्बल गार्डन का अवलोकन कर मंत्री ने इसकी सराहना की और सभी ग्राम पंचायतों में ऐसे हर्बल गार्डन विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे लोग मिलावटी मसालों के दुष्प्रभाव से बच सकेंगे। मंत्री ने डॉ. पल्लवी से हर्बल गार्डन के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने और कमजोर वर्गों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी सूचना बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित करने को कहा। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के आत्मनिर्भर समाज के विचारों का भी उल्लेख किया।