जिले में बर्फीली हवाओं के चलने से बुधवार को न्यूनतम पारा लुढ़ककर 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान में गिरावट से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। दिन में धूप निकलने पर भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। शाम होते ही फिर गलन भरी ठंड होने लगी।
मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को कड़ाके की ठंड होने और तापमान में गिरावट का अनुमान है। नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र कुमार सिंह नागा ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 19.0 डिग्रीसेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 4.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।