गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के जिलवा महादेवपुर गांव के पास शनिवार देरशाम अज्ञात वाहन ने बाइक सवार मर्चेंट नेवी कर्मचारी व एक साइकिल सवार अधेड़ को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मर्चेंट नेवी कर्मी की मौत हो गई, जबकि साइकिल सवार घायल है।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के कर्ता का पुरवा सुरौली निवासी संजय सिंह का बड़ा पुत्र आकाश सिंह (28) मर्चेंट नेवी में नौकरी करता था। उसकी पोस्टिंग दुबई में थी। 10 दिन पहले वह छुट्टी लेकर घर आया था। शनिवार शाम करीब सात बजे सब्जी लेकर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में जिलवा महादेवपुर के पास अज्ञात वाहन ने उसे और एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में आकाश व साइकिल सवार माधवपुर छतौना निवासी श्यामलाल (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल काॅलेज पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने आकाश सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल श्यामलाल का पैर टूट गया है।
फीकी पड़ी शादी की तैयारियां
आकाश तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार में उनकी मां बिंदू, मझली बहन प्रिया सिंह व सबसे छोटा भाई विकास सिंह है। आकाश के पिता संजय सिंह मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उसकी शादी 25 नवंबर को तय थी। इसके लिए वह दो माह की छुट्टी लेकर घर आया था। उसकी मौत से शादी की तैयारियां फीकी पड़ गई हैं।
पूजा पंडाल से लौट रही महिला की दुर्घटना में मौत
धम्मौर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी बाबूराम की पत्नी सरजू देवी (58) शुक्रवार रात महिलाओं के साथ घर से थोड़ी दूर पर दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन के लिए गई थी। रात करीब 10 बजे अकेली घर लौट रही थी। अचानक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने उनको इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानचंद शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा गया है। (संवाद)