सुल्तानपुर। सांसद मेनका गांधी बृहस्पतिवार को एक दिवसीय क्षेत्र भ्रमण पर जिले में पहुंच रही हैं। वे चार्टर प्लेन से आएंगी और तीन कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद उसी दिन वापस दिल्ली लौट जाएंगी।
सांसद मेनका गांधी आठ अगस्त को चार्टर प्लेन से अमहट हवाई पट्टी आएंगी। वहां से वे सीधे जयसिंहपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुरेगांव में क्षितिज फाउंडेशन एंड रूरल डवलपमेंट संस्था के कार्यक्रम में शामिल होंगी।
इस दौरान वे संस्था के कार्यों के निरीक्षण के साथ यहां पर उपस्थित जिले के विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं के साथ संवाद भी करेंगी। इसके बाद सांसद चौरासी बाबा आश्रम के लिए प्रस्थान करेगी।
चौरासी बाबा आश्रम में दर्शन पूजन के पश्चात सांसद पड़ोस के गांव नानेमऊ निषाद बस्ती पहुंच कर सौर ऊर्जा चालित पानी पनघट योजना का लोकार्पण करेंगी।
वहां से सांसद मेनका गांधी अमहट हवाई पट्टी लौटेंगी, जहां से चार्टर प्लेन से वे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि सांसद के तीनों कार्यक्रमों की तैयारियां उनके प्रतिनिधि रणजीत कुमार की अगुवाई में पूरी कर ली गई हैं।